जरीफनगर (बदायूं)। थाना जरीफनगर क्षेत्र के दहगवां में अवैध खनन कर रही मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने नायब तहसीलदार की सरकारी वाहन में टक्कर मार दी। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना मंगलवार की शाम की है। नायब तहसीलदार सहसवान छविराम शासकीय वाहन यूपी-24 बीएफ-0015 से शासकीय कार्य से दहगवां में मौजूद थे। तभी आबादी में मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित गति से चलती मिली। सरकारी वाहन देखकर चालक ने गति तेज कर दी और मिट्टी को बाहर खाली कर ग्राम दांदरा मार्ग पर भागने लगा।
ग्राम दांदरा की आबादी से पहले सरकारी वाहन को रोकने पर ट्रैक्टर चालक ने जान से मारने की नीयत से पीछे से टक्कर मारकर वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया है।
इस संबंध में थाना जरीफनगर पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत अज्ञात चालक व वाहन स्वामी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
