
बरेली DIG मुनिराज का अपराधियों पर शिकंजा कसने का सख्त निर्देश, चारों जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ की अपराध समीक्षा बैठक
जनसुनवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान, महिला सुरक्षा और आगामी चुनावों पर विशेष फोकस
बरेली। बरेली परिक्षेत्र के नवागत पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) मुनिराज जी ने कार्यभार संभालने के बाद कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। इसी क्रम में उन्होंने बरेली एवं बदायूं जनपद में संबंधित जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आगामी चुनावों को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
डीआईजी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिसिंग में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनना और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना प्रत्येक पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति सम्मानजनक होना चाहिए और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता दिखाई देनी चाहिए। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं जनसुनवाई की नियमित निगरानी करें, ताकि पीड़ितों को बार-बार थानों और अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।

अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी मुनिराज ने अपराधियों, संगठित गिरोहों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए और वांछित अपराधियों की प्रभावी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। अपराधियों के नेटवर्क पर नजर रखते हुए ऐसी कार्रवाई की जाए, जिससे क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीआईजी ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने तथा मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गौकशी और नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा
गौकशी एवं गौ-तस्करी में संलिप्त लोगों और संगठित गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने इन गतिविधियों में शामिल नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए भी विशेष अभियान चलाने को कहा गया। नशे के कारोबार में शामिल तस्करों और गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ उनकी अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार जब्तीकरण और कुर्की की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आगामी चुनावों को लेकर अभी से तैयारी के निर्देश
आगामी चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना भी डीआईजी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने चारों जनपदों के पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वाले तत्वों पर पहले से नजर रखने को कहा गया।
ककोड़ा और चौबारी मेले में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों और मेलों को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बदायूं जनपद के ककोड़ा मेले और बरेली के चौबारी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी ने कहा कि दोनों मेलों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और यातायात संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों और धार्मिक स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने, महिलाओं की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।
जाम से मुक्ति और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश
शहरों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डीआईजी ने प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त यातायात पुलिस की तैनाती करने को कहा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
चारों जिलों के अधिकारियों की तय की गई जवाबदेही
बरेली परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत जनपदों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए डीआईजी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम, आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना और पुलिस पर जनता का विश्वास मजबूत करना भी है। निर्धारित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।