
बरेली के नए DIG मुनिराज ने संभाली कमान, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था रहेगी पहली प्राथमिकता
2009 बैच के IPS अधिकारी मुनिराज पहले भी रह चुके हैं बरेली के SSP, राजनीतिक दबाव में आए बिना की थी बड़ी कार्रवाई
DIG अजय साहनी का भी रहा डेढ़ साल का शानदार कार्यकाल, अब मुरादाबाद रेंज की संभालेंगे जिम्मेदारी
बरेली। बरेली परिक्षेत्र को नया पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) मिल गया है। 2009 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मुनिराज जी ने शुक्रवार शाम को बरेली DIG का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री के अमरोहा स्थित तिगरी मेले में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए वह वापस अमरोहा के लिए रवाना हो गए।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद DIG मुनिराज ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना, कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराध नियंत्रण उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। उन्होंने बताया कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रेंज के सभी जिलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

पहले भी बरेली में SSP रह चुके हैं मुनिराज
नए DIG मुनिराज का बरेली से पुराना नाता रहा है। वह वर्ष 2018-19 में बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के पद पर तैनात रह चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई थी। उस दौरान चर्चित सर्राफा लूटकांड के आरोपित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुए थे। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
मुनिराज के पिछले कार्यकाल की खास बात यह रही कि उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव को अपनी कार्रवाई के आड़े नहीं आने दिया। अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख और पुलिस की सक्रिय कार्यशैली के चलते उनकी पहचान एक कड़े फैसले लेने वाले अधिकारी के रूप में बनी।

SSP अनुराग आर्य समेत अधिकारियों ने किया स्वागत
बरेली पहुंचने पर DIG मुनिराज का एसएसपी अनुराग आर्य समेत जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों ने स्वागत किया। नए DIG के सामने अब बरेली के साथ-साथ रेंज के अन्य जिलों में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराधियों पर शिकंजा कसने और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।

अमरोहा के तिगरी मेले में डीआईजी रेंज का कार्यभार ग्रहण करते डीआईजी अजय साहनी..
DIG अजय साहनी का भी यादगार रहा डेढ़ साल का कार्यकाल
वहीं, बरेली परिक्षेत्र के DIG रहे अजय साहनी का करीब डेढ़ साल का कार्यकाल भी काफी सक्रिय और चर्चित रहा। उन्होंने मई 2025 में बरेली DIG का कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में कई बड़े आपराधिक और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।
बरेली में DIG अजय साहनी और SSP अनुराग आर्य की जोड़ी ने कई महत्वपूर्ण मामलों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसी दौरान मौलाना तौकीर रजा खान को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई भी चर्चा में रही। इस मामले में पुलिस और प्रशासन की सक्रियता को काफी अहम माना गया।
इसके अलावा बदायूं के इस्लामनगर में हुई डकैती के मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ डालू को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था। रेंज के अन्य जिलों में भी अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने में DIG अजय साहनी की अहम भूमिका रही।

बरेली के नवागत डीआईजी का स्वागत करते एसएसपी बरेली अनुराग आर्य..
अब मुरादाबाद रेंज की संभालेंगे जिम्मेदारी
करीब डेढ़ साल तक बरेली रेंज में अपनी सेवाएं देने के बाद DIG अजय साहनी अब मुरादाबाद रेंज की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके कार्यकाल में पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और बड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
बरेली रेंज में अब DIG मुनिराज के रूप में नई कमान आ गई है। पुराने अनुभव और बरेली की भौगोलिक एवं आपराधिक परिस्थितियों से परिचित होने के चलते उनसे कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है। अब देखना होगा कि नए DIG अपनी प्राथमिकताओं को जमीन पर किस तरह लागू करते हैं।