सहसवान (बदायूं)। थाना क्षेत्र के एक गांव से 18 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की मां की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना सहसवान के गांव भवानीपुर खल्ली निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पति बाहर प्रदेश में काम करता है। वह अपनी 18 वर्षीय बेटी के साथ घर पर रहती है। आरोप है कि 26 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे गांव का ही युवक मुकर्रम पुत्र छुट्टू उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
महिला का आरोप है कि उसकी बेटी अपने साथ घर से 40 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात भी ले गई है। इस काम में गांव के ही नसरत पुत्र इंतजार, उसकी पत्नी निशा और मुकर्रम की मां बेगम ने साथ दिया है।
पीड़िता ने बताया कि आसपास खोजबीन करने पर पता चला कि उसकी बेटी को आरोपी ले गए हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने 24 घंटे में वापस लाने का वादा किया था, लेकिन अब तक बेटी वापस नहीं आई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकर्रम, नसरत, निशा और बेगम निवासी भवानीपुर खल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच उपनिरीक्षक रामनरेश को सौंपी गई है।
