बदायूं। दातागंज स्थानीय ब्लॉक परिसर में बुधवार को ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह ‘अंकित भैया’  की अध्यक्षता में ‘ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति’ की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज पर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत ‘कन्या जन्मोत्सव’ धूमधाम से मनाया गया।
बाल संरक्षण पर दिया जोर
ब्लॉक प्रमुख ने समिति की बैठक में ग्राम पंचायतों को ‘बाल मित्र ग्राम’ बनाने और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ‘मिशन वात्सल्य’ योजना के तहत विषम परिस्थितियों में रहने वाले और अनाथ बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें शिक्षा व सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।
केक काटकर मनाया बेटियों का जन्मदिन
सीएचसी दातागंज पर आयोजित कन्या जन्मोत्सव के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने हाल ही में जन्मी नवजात कन्याओं का जन्मदिन केक काटकर मनाया। इस अवसर पर उन्होंने माताओं को बेबी किट, फल और उपहार वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बेटियों को जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और शादी तक के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।
योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य और महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना , ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बैठक और उत्सव के दौरान चिकित्सा अधीक्षक, सीडीपीओ, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।