Oplus_131072

प्रतिदिन चार-पांच प्रसव कराने की चर्चा, अवैध गर्भपात के आरोपों की जांच की भी उठी मांग

सहसवान (बदायूं)। नगर के मोहल्ला सैफुल्लागंज में प्रसव के दौरान 35 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ . प्रशांत त्यागी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सेवानिवृत्त एएनएम राजकुमारी के आवास पर संचालित कथित अस्पताल का निरीक्षण किया।

टीम ने संचालिका को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रतिदिन चार-पांच प्रसव कराए जाने की चर्चा और अवैध गर्भपात के आरोपों की भी जांच कराने की मांग उठ रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे मोहल्ला मोहद्दीनपुर निवासी छोटू की 35 वर्षीय पत्नी की प्रसव के दौरान उपचार के समय मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। पति ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।

बताया गया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन पति और परिजनों ने शव सौंपने से इनकार कर दिया। परिजनों द्वारा आगे की कार्रवाई से भी इनकार किए जाने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य कथित अवैध अस्पतालों पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि तीन दिन में मिलने वाले स्पष्टीकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग क्या कदम उठाता है और महिला की मौत के मामले में जिम्मेदारी किसकी तय होती है।