IAS अविनाश सिंह जिलाधिकारी बरेली

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी अप्रैल माह की विकास एवं राजस्व कार्यों की रैंकिंग में एक बार फिर अविनाश सिंह के नेतृत्व में बरेली जनपद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। लगातार बेहतर कार्यशैली, योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण के चलते बरेली अब प्रदेश में नंबर वन बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देशन में जनपद प्रशासन की टीम ने विकास कार्यों, राजस्व वसूली, शिकायत निस्तारण, भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय कार्य किया है। यही कारण है कि बरेली लगातार प्रदेश की शीर्ष रैंकिंग में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

IAS देवयानी -मुख्य विकास अधिकारी बरेली


बताया जा रहा है कि सरकार द्वारा जारी इस रैंकिंग में राजस्व संग्रह, आईजीआरएस शिकायतों का निस्तारण, सरकारी योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, कानून व्यवस्था के साथ विकास योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन जैसे कई बिंदुओं को आधार बनाया गया। इन सभी क्षेत्रों में बरेली प्रशासन का प्रदर्शन अत्यंत संतोषजनक रहा।
विशेष रूप से जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा विभागीय अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें, फील्ड निरीक्षण और समयबद्ध लक्ष्य निर्धारण की नीति का सकारात्मक असर देखने को मिला है। हाल के महीनों में अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जनता दर्शन में त्वरित समाधान, सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और विकास परियोजनाओं की लगातार निगरानी ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई पहचान दी है।
बरेली प्रशासन की इस उपलब्धि को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि आने वाले महीनों में और अधिक मेहनत तथा बेहतर समन्वय के साथ बरेली को प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जनपद के विभिन्न विकास कार्यों में तेजी, राजस्व विभाग की सक्रियता और प्रशासनिक सख्ती ने यह साबित कर दिया है कि यदि नेतृत्व मजबूत हो तो परिणाम भी ऐतिहासिक होते हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की कार्यशैली और उनकी टीम की मेहनत अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनती जा रही है।