उझानी।प्राथमिक विद्यालय लऊआ में नवीन शैक्षिक सत्र का आगाज पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ हुआ। गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने वेदमंत्रोच्चारण कर यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि यज्ञीय ऊर्जा से मन पवित्र और भावनाएं शुद्ध हो जाती हैं। कुबुद्धि, कुविचार, दुर्गुणों और दुष्कर्मों का शमन होता है।


मुख्य यजमान ग्राम प्रधान पंकज सक्सेना ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शक्ति कलश का पूजन किया। उन्होंने कहा संयम, सेवा और संस्कारों से ही बच्चों का जीवन महान बनेगा। शिक्षक शिक्षिकाओं, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने यज्ञ भगवान को लोककल्याणार्थ गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की विशेष आहुतियां समर्पित कीं। प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने नए शैक्षिक सत्र की कुशलता की कामना की। शिक्षकों ने बच्चों को आशीर्वाद दिया।


इस मौके पर श्वेता, एसएमसी अध्यक्ष उमेश सिंह, देवेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, विकास सिंह, साधु सिंह, राजेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह आदि मौजूद रहे।