
रिपोर्ट: आलोक गुप्ता
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने जनपद में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाते हुए विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं में कुल 7,300 पौधे लगाए।
माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व तथा बरेली मंडल के आयुक्त और जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के अंतर्गत सेक्टर-08 स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय परिसर में भी विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बिथरी चैनपुर के विधायक राघवेन्द्र शर्मा, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कुंवर महाराज सिंह तथा बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बीडीए के उपाध्यक्ष ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृ सम्मान, प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी लिया। बरेली विकास प्राधिकरण ने प्रदेश सरकार के हरित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने के लिए पर्यावरण संरक्षण एवं जनसहभागिता आधारित अभियानों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई।