राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में क्लासिक कॉलेज ऑफ लॉ, बरेली में भारत सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा 1000 पौधों का सफलतापूर्वक वृक्षारोपण किया गया।

वृक्षारोपण महाविद्यालय परिसर, क्लासिक फार्म, महाविद्यालय के निकट स्थित मंदिर परिसर एवं उसके आसपास तथा समीपवर्ती ग्राम की सड़कों के किनारे किया गया। लगाए गए पौधों में लगभग 50 प्रतिशत छायादार एवं फलदार वृक्ष तथा शेष पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित की दृष्टि से उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के वर्तमान सदस्य, पूर्व अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के सचिव वरिष्ठ अधिवक्ता शिरीष कुमार मेहरोत्रा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।

इस अभियान में प्लांटेशन इंचार्ज डॉ. अलका सक्सेना की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मोहम्मद हसन रज़ा ख़ान द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डाक्टर कमल किशोर, के के गंगवार, शुमाईला अंजुम, राजेश गुप्ता, डॉक्टर बकेंश कुमार शर्मा, जेबा फातिमा, दीपक माहोर गुप्ता, वैशाली गुप्ता, अधिवक्ता अखिलेश कुमार, प्रोमोद चौहान आदि महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएँ तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।