रिपोर्ट: आलोक गुप्ता
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को वन एवं वन्यजीव प्रभाग, बरेली द्वारा “वृक्षारोपण महायज्ञ–2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, आईटीबीपी के जवानों, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनसहभागिता ही इस अभियान की सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का भी आह्वान किया।


मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के दुग्ध विकास एवं पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के हरित उत्तर प्रदेश अभियान की सराहना करते हुए प्रत्येक नागरिक से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।


कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल तथा कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।


कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहा, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इसके साथ ही वन विभाग, WWF तथा स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़ी आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें जैव विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, वन्यजीव संरक्षण तथा स्थानीय हस्तशिल्प से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदर्शित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित महायज्ञ ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन अधिकारियों, आईटीबीपी के जवानों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना भी रहा।


समापन अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक रुहेलखंड जोन पी.पी. सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एसपी सिटी मानुष पारिक, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, आईटीबीपी कमांडेंट एस. झा, जूनियर लीडर अकादमी के सूबेदार अवतार चौहान, नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राठी, जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया, क्लाइमेट विशेषज्ञ प्रांजुल शर्मा, नेचर मित्र भावना सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी आंवला विमल किशोर भारद्वाज, क्षेत्रीय वन अधिकारी वैभव चौधरी, ऋषि कुमार, हनुमान प्रसाद सहित वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


वन एवं वन्यजीव प्रभाग, बरेली के निर्देशन में आयोजित यह कार्यक्रम जनसहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में संपन्न हुआ।