
बरेली, 3 अगस्त। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के आयोजन और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह को गरिमामय एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तिरंगा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन समयबद्ध ढंग से संपन्न कराए जाएं। सभी संबंधित विभाग अपने कार्यक्रमों की तस्वीरें निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अभियान के तहत सभी शासकीय भवनों, संस्थानों और आवासीय परिसरों पर तिरंगा फहराने, भवनों को रोशनी से सजाने, रंगोली बनाने तथा सेल्फी जोन विकसित करने पर जोर दिया गया। सार्वजनिक उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को सुबह 8 बजे सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके साथ ही स्कूली बच्चों की प्रभात फेरियां नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में निकाली जाएंगी।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।