बदायूं। नसीम फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून से उनके कार्यालय पर बुधवार को शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विश्वविद्यालय और फाउंडेशन के बीच छात्रों के शैक्षिक और सांस्कृतिक विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
नसीम फाउंडेशन के अकरम सैयद और नवेद सैयद ने कुलपति को संस्था के उद्देश्यों और समाज उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन विशेष रूप से शिक्षा और सांस्कृतिक संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय है। प्रतिनिधियों ने कुलपति को आश्वासन दिया कि फाउंडेशन एएमयू के विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और उनके सांस्कृतिक विकास में हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर आसिम जफर और डॉ. अहमद मुज्तबा सिद्दीकी भी मौजूद रहे। शिष्टाचार भेंट के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एएमयू के ‘सेंटर फॉर प्रमोशनल एजुकेशन, कल्चरल एडवांसमेंट्स ऑफ मुस्लिम्स ऑफ इंडिया’ का भी दौरा किया। वहां उन्होंने केंद्र की गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया और सहायक निदेशक डॉ अहमद मुज्तबा सिद्दीकी से मुलाकात कर भविष्य की साझा योजनाओं पर विमर्श किया।
कुलपति प्रो नईमा खातून ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उम्मीद जताई गई कि इस सहयोग से आने वाले समय में प्रतिभाशाली मुस्लिम छात्रों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नए रास्ते खुलेंगे।