अवैध वसूली को लेकर क्या नगर पालिका को मिला हुआ है कोई संरक्षण?

वीडियो वायरल होने के बावजूद सहसवान की सड़कों पर हो रही है पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली।

सहसवान, बदायूं। नगर क्षेत्र में ऑटो चालकों से पार्किंग के नाम पर हो रही कथित अवैध वसूली रुकने का नाम नहीं ले रही है। कई दिनों से अवैध वसूली को लेकर खबरें अखबारों की सुर्खियां बन रही हैं, सोशल मीडिया पर वीडियो आग की तरह फैल रहे हैं, ऑटो चालकों और परदेसी वाहनों के साथ किया जा रहा अन्याय अब मीडिया की सुर्खियां बन गया है, किंतु जिम्मेदार अधिकारी मानों अभी भी कानों में तेल डालकर बैठे हैं। ऑटो चालकों का आरोप है कि नगर पालिका के नाम पर ठेकेदारों और दलालों द्वारा रोजाना ₹50 से ₹100 तक की उगाही की जा रही है। अकबराबाद चौराहा, बिसौली बस स्टैंड, कछला तिराहा स्टैंड और हरदतपुर चौराहा समेत कई स्थानों पर खुलेआम अवैध पार्किंग के नाम पर पैसे वसूले जा रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि जहां कोई अधिकृत स्टैंड नहीं, वहां भी चांदी काटी जा रही है। पैसा न देने पर चालकों को धमकाना, गाली गलौज करना, अभद्रता करना और मारपीट करना आम बात है।
अब सवाल यह है कि आखिर अधिकारी किस बात का इंतजार कर रहे हैं? क्या जब तक पानी सिर से ऊपर नहीं निकल जाएगा, तब तक कार्रवाई नहीं होगी? या फिर पूरा मामला सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे वाली नीति पर चल रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि जिम्मेदारों की यह चुप्पी कहीं न कहीं दाल में काला होने का संकेत दे रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन अपनी नींद से जागता है या फिर जनता यूं ही लुटती रहेगी।