Oplus_131072

सहसवान (बदायूं)। कोतवाली सहसवान क्षेत्र में बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शव शिकारपुर से इब्राहिमपुर गढ़ी जाने वाले मार्ग पर पड़ा मिला।

गश्त के दौरान पीआरवी ने देखा शव
प्रभारी निरीक्षक नरेश पाल सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में संचालित पीआरवी 7854 ग्राम शिकारपुर से ग्राम इब्राहिमपुर गढ़ी अपने प्वाइंट पर जा रही थी। इसी दौरान पीआरवी कर्मचारियों ने सड़क पर एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा और पास में ही एक मोटरसाइकिल पड़ी हुई थी। पीआरवी ने तत्काल इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक को दी।

सिर पर पहिया चढ़ने से हुई मौत
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर मिली काले रंग की होंडा स्प्लेंडर प्लस बाइक नई है और उसकी नंबर प्लेट पर कोई नंबर अंकित नहीं है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी और युवक के सिर पर वाहन चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक के दाहिने हाथ पर राजमाला नाम का टैटू गुदा हुआ था।

संभल निवासी के रूप में हुई पहचान
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। बाद में मृतक की पहचान दीपक (30 वर्ष) पुत्र कालीचरण निवासी ग्राम खेड़ा फतेहपुर, थाना जूना बाई, जनपद संभल के रूप में हुई।

पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।