सहसवान (बदायूं)। तहसील सहसवान क्षेत्र में अवैध तरीके से संचालित हो रहे निजी अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को जॉइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर के प्रमुख इलाकों में छापेमारी की।

दो अस्पताल सील
प्रशासन की टीम ने सबसे पहले नगर स्टार हेल्थ केयर सेंटर पर छापा मारा। यहां इमरजेंसी सेवा 24 घंटे का बोर्ड लगा था, लेकिन जांच में अस्पताल बिना मानकों और बिना वैध रजिस्ट्रेशन के चलता पाया गया।

इसके बाद टीम ने भारत हेल्थ केयर पर कार्रवाई की। यहां भी अनुभवी डॉक्टरों द्वारा इलाज का दावा किया जा रहा था, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। दोनों अस्पतालों को टीम ने मौके पर ही सील कर दिया।

कई अन्य अस्पतालों को नोटिस
सील की कार्रवाई के अलावा टीम ने कई अन्य निजी अस्पतालों और क्लीनिकों का भी निरीक्षण किया। जहां कमियां पाई गईं, वहां संचालकों को नोटिस जारी कर जल्द मानक पूरे करने और रजिस्ट्रेशन दिखाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस पूरी कार्रवाई के दौरान चिकित्सा प्रभारी प्रशांत त्यागी अपनी पूरी स्वास्थ्य टीम के साथ मौजूद रहे। उनके साथ सीओ अशोक कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

जॉइंट मजिस्ट्रेट की सख्त चेतावनी
कार्रवाई के बाद जॉइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने कड़े शब्दों में कहा – “जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी हाल में फर्जी तरीके से चल रहे अस्पतालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई लगातार चलती रहेगी।”