
CM योगी के दौरे से पहले कमिश्नर और DIG ने संभाली कमान, सर्किट हाउस व कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, डीएम एसपी बड़ा उपाध्यक्ष नगर आयुक्त रहे मौजूद..
बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री के आगमन से पहले तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी और डीआईजी अजय साहनी ने कमान संभाली।
डीआईजी अजय साहनी ने SSP अनुराग आर्य के साथ सर्किट हाउस और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह, सौम्या पांडे, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी अजय साहनी ने सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी रूट, प्रवेश और निकास व्यवस्था, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। डीआईजी ने ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान जाम की स्थिति न बने। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल कराया जाए।
उन्होंने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। ड्रोन और एंटी ड्रोन सिस्टम से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
SSP अनुराग आर्य को जिले के हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और मेडिकल सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने को कहा गया है।
CM योगी का बरेली दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली पहुंचेंगे, जहां वह विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है।
डीआईजी अजय साहनी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।