बरेली, 18 जुलाई। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) संतोष कुमार सिंह ने शुक्रवार को तहसील बहेड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बालिकाओं की सुविधाओं और उनकी सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान जूनियर स्तर की 41 बालिकाएं तथा उच्च माध्यमिक स्तर की 53 बालिकाएं उपस्थित मिलीं। अपर जिलाधिकारी ने छात्रावास परिसर में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।


नवीन छात्रावास भवन जल्द संचालित कराने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने छात्रावास परिसर में बने नवीन छात्रावास भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन को आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराकर शीघ्र संचालित कराया जाए, ताकि बालिकाओं को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने छात्रावास की आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कमरों, शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए और बालिकाओं के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए।


शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश


निरीक्षण के दौरान विद्यालय में माध्यमिक स्तर पर मुख्य विषयों के शिक्षकों की कमी की जानकारी सामने आई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसलिए जिन विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां आवश्यक व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए, जिससे बालिकाओं की पढ़ाई प्रभावित न हो।


भोजन की गुणवत्ता पर विशेष जोर..


अपर जिलाधिकारी ने छात्रावास में बालिकाओं को उपलब्ध कराए जाने वाले नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने बालिकाओं से भोजन के मेन्यू और रोजाना मिलने वाले खाने के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान नाश्ता और भोजन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और छात्रावास प्रबंधन को निर्देश दिए कि बालिकाओं को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मीनू के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने भोजन की स्वच्छता के साथ-साथ रसोई और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो।


विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश


निरीक्षण के दौरान छात्रावास की विद्युत व्यवस्था में आ रही बाधाओं का भी संज्ञान लिया गया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था को शीघ्र सुचारू कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को विशेषकर रात्रि के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रावास जैसे बालिका आवासीय परिसर में बिजली की व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित रहना बेहद आवश्यक है।


बाउंड्रीवाल का निर्माण जल्द पूरा कराने को कहा


छात्रावास परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिसर की चारदीवारी पूरी होने से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में नियमित रूप से सफाई कराई जाए तथा शौचालय और पेयजल व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल उसका समाधान किया जाए।
बालिकाओं से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने छात्राओं से बातचीत करते हुए उनसे छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भोजन, रहने की व्यवस्था, पढ़ाई, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर छात्राओं से फीडबैक लिया।
उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से उनकी सुविधाओं और समस्याओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
औचक निरीक्षण के दौरान छात्रावास की वार्डेन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।