अग्निवीर में चयनित ऋषिपाल कश्यप का गांव में भव्य स्वागत, पुष्प वर्षा से हुआ सम्मान

गांव के इतिहास में पहली बार किसी युवक का सरकारी सेवा में हुआ चयन, महिला-पुरुषों ने पुष्प वर्षा कर किया सम्मानित

बदायूं। जनपद बदायूं के दहगवां ब्लॉक क्षेत्र के गांव सोनबूढीं निवासी ऋषिपाल कश्यप पुत्र इन्दल का भारतीय सेना की अग्निवीर योजना में चयन होने पर पूरे गांव में खुशी और गौरव का माहौल देखने को मिला। ट्रेनिंग के लिए रवाना होने से पहले ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत कर सम्मानित किया।

ग्रामीणों के अनुसार सोनबूढीं गांव के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी युवक का चयन किसी सरकारी सेवा में हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे गांव में उत्साह का माहौल है और ग्रामीण इसे गांव के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मान रहे हैं।

स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने ऋषिपाल कश्यप को मालाएं पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा देश सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।

ग्रामीणों ने कहा कि ऋषिपाल कश्यप की सफलता गांव के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा देश सेवा की भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों ने इसे गांव, परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय बताते हुए ऋषिपाल कश्यप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।