बदायूं। थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम रफतपुर मौरू सुमाली में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में हवाई फायर करने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से उसकी लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों और वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जरीफनगर पुलिस को यह सफलता मिली। बीते 27 जून को ग्राम रफतपुर मौरू सुमाली में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान गांव के ही रहने वाले नरेश पाल (55 वर्ष) पुत्र करन सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए थाना जरीफनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 188/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 125 और 30 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल नागेंद्र सिंधु और कांस्टेबल मामचंद की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त नरेश पाल को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की लाइसेंसी बंदूक बरामद कर उसे जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।