बदायूं। जनपद बदायूं के थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम सोनबूढ़ी निवासी मुनेश पुत्र सोनपाल ने थाना कादरचौक में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 22 जून 2026 को वह अपने गांव से बारात लेकर थाना वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम गुलाबगंज गनियाई गया था।
पीड़ित के अनुसार, बारात चढ़ने के दौरान गांव के कुछ लोगों ने अचानक लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में दूल्हे पक्ष के कई लोग घायल हो गए। तहरीर में मुनेश, भोले और अशोक के घायल होने का उल्लेख किया गया है। शिकायत में शेरबहादुर, दयाल, राजन, विक्की, बंटी, मोरा सहित कई लोगों को नामजद करते हुए मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
शिकायतकर्ता ने थाना कादरचौक पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।