जनपद में चयनित 28 एएनएम के नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे, जताया प्रदेश सरकार का आभार

ईमानदारी व कर्तव्य निष्ठा के साथ अपने पदेन दायित्वों का निर्वहन करें नवनियुक्त एएनएम/ स्वास्थ्य कार्यकत्रियाँ…..मुख्यमंत्री

1573 एएनएम नियुक्ति पत्र वितरण मिशन रोजगार के साथ मिशन शक्ति का भी कार्यक्रम…. मुख्यमंत्री

आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए सरकार संकल्पित है…. मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

 सम्भल।  मिशन रोजगार के अन्तर्गत निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के अंतर्गत उ0प्र0 अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कुल चयनित 1573 में से जनपद संभल में चयनित 28 एएनएम कार्यकत्रियों को माननीय राज्य मंत्री माध्यमिक शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार)उत्तर प्रदेश शासन श्रीमती गुलाब देवी जी, जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित किये। वही लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में  मुख्यमंत्री ,  उपमुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किये गए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में किया गया। नवनियुक्त एएनएम स्वास्थ्य कार्यकत्रियों ने हर्षित मन से  प्रधानमंत्री व  मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।    

मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित एएनएम स्वास्थ्य कत्रियों को बधाई व शुभकामना देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप प्रदेश में चिकित्सा सेवा आयोगों का सुदृढ़ीकरण हमारी शीर्ष प्राथमिकता है। हमे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर एक नजीर के रूप में स्थापित करने में महती भूमिका निभायेगी। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश एक सक्षम राज्य बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह मिशन रोगजार का कार्यक्रम है ही मिशन शक्ति का भी कार्यक्रम है। उन्होंने नवनियुक्त एएनएम कार्यकत्रियों से कहा कि वह ईमानदारी व कर्तव्य निष्ठा के साथ अपने पदेन दायित्वों का निर्वहन करें।


मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए सरकार कृत संकल्पित है इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग से संबंधित आंकड़े राष्ट्रीय औसत से ऊपर है इनमें प्रगति हुई है।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 तरन्नुम रजा के द्वारा बताया गया कि जनपद में 28 नवनियुक्त एएनएम कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। और उन्होंने सभी नवनियुक्त एएनएम कार्यकत्रियों को बधाई दी। इतनी बड़ी संख्या में एएनएम की नियुक्ति की गई ,यह सरकार की सकारात्मक सोच व आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का परिणाम है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरन्नुम रजा ने बताया कि जनपद में नवनियुक्त 28 एएनएम कार्यकत्रियों की नियुक्ति हो जाने से जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं और जच्चा बच्चा केंद्र और बेहतर ढंग से संचालित होंगी।


जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से चयनित एएनएम स्वास्थ्य कार्यकत्रियों द्वारा सेवा प्रदान करने से जनपद के स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणात्मक सुधार आएगा। उन्होंने एएनएम की सेवा कार्यो का दायित्व बोध कराते हुए बताया कि चिकित्सा सेवा न सिर्फ एक पेशा है अपितु मानव सेवा के साथ पुनीत कर्तव्य है। उन्होंने ए0एन0एम0 के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आप लोगों के चयन होने से संभल जनपद के स्वास्थ्य में गुणात्मक प्रगति होगी। और जिलाधिकारी ने कहा कि नवनियुक्त एएनएम अपने क्षेत्र में जाकर अपने कार्य को सही ढंग से करें जिससे जनपद की कार्यशैली में सुधार आए।


माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा उत्तर प्रदेश शासन श्रीमती गुलाब देवी जी के द्वारा नवनियुक्त एएनएम को नियुक्ति पत्र वितरण के अवसर पर बधाई दी एवं माननीय मंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा पारदर्शी एवं निष्पक्षता से आपको चयन किया गया है। माननीय मंत्री जी ने कहा कि उतनी ही निष्पक्षता से अपने क्षेत्र में कार्य करें। और उन्होंने बताया कि दो विभाग बहुत ही अति महत्वपूर्ण है एक तो शिक्षा विभाग जो कि व्यक्ति के विकास से संबंध रखता है एवं दूसरा स्वास्थ्य विभाग जो व्यक्ति के जीवन की रक्षा करता है जिसको लेकर माननीय मंत्री जी ने कहा की एएनएम अपने क्षेत्र में जाकर बहुत ही लगन से कार्य करें ऐसे ही हमारी आकांक्षाएं हैं।


कार्यक्रम का संचालन एसीएमओ पंकज कुमार विश्नोई ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कमलेश सचान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तरन्नुम रजा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी पंकज कुमार विश्नोई,डीपीएम संजीव राठौर सहित संबंधित अधिकारी एवं नवनियुक्त एएनएम सहित स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

सम्भल से खलील मलिक कि ख़ास रिपोर्ट