सहसवान, बदायूं। कोतवाली सहसवान क्षेत्र के जंगल में शुक्रवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों ने जंगल के चकरोड किनारे मेड़ पर एक युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना किया। मृतक की पहचान अलहदादपुर धोबई निवासी ज्ञान चंद्र (24) पुत्र राजवीर के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।