सहसवान, बदायूं। पैगंबर-ए-इस्लाम की यौमे पैदाइश 12 वफात (बारावफात) के त्योहार को लेकर सहसवान पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहार पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ नगर में भ्रमण किया।
थाना प्रभारी ने कोतवाली से पैदल गश्त शुरू की। मुख्य बाजार, तहसील रोड, चौधरी सराय, पठान टोला, मजार मीरा साहब रोड, जामा मस्जिद क्षेत्र सहित सभी संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था परखी।
इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बात कर त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने कहा – “12 वफात का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। जुलूस के रूटों का सत्यापन कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
भ्रमण के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था को भी सुचारू कराया और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। नगर में पुलिस की इस सक्रियता से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।