27 जून तक माइक्रो प्लान उपलब्ध कराएं विभागीय अधिकारी- डीएम

बदायूँ । अटल बिहारी वाजपेयी कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि अभियान को गंभीरतापूर्वक ले व सभी संबंधित विभागीय अधिकारी अपने विभाग से सम्बंधित कार्यां के सम्बंध में 27 जून तक माइक्रो प्लान उपलब्ध कराए। उन्होंने बताया कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से व दस्तक अभियान 17 जुलाई से प्रारंभ होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान अंतर्गत जो भी गतिविधियां संचालित की जानी है वह सभी समय से पूर्ण की जाए। उन्होंने अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी प्रवेश द्वारो पर कूड़ा ना दिखे यह सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि अभियान अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर नोडल अध्यापकों का संवेदीकरण, स्थानीय निकायों का संवेदीकरण, ब्लॉक स्तरीय ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारियों का संवेदीकरण आदि विभिन्न गतिविधियां संचालित की जानी है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जनपद राज्य औसत से किसी भी कार्य में कम ना आए इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित होगा। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान 17 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित होगा, जिसके लिए विभिन्न संबंधित विभागों से समन्वय कर अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने अब तक किए कार्यां पर बिन्दुवार प्रकाश डाला।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह, डॉ कौशल गुप्ता, सुधा सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।