सहसवान (बदायूं)। बिजली चोरी पर लगाम कसने के लिए विद्युत विभाग ने बुधवार तड़के सख्त कार्रवाई की। उपखंड अधिकारी जयप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने सुबह 5 बजे नगर के कई मोहल्लों में अचानक छापेमारी कर सात लोगों को बिजली चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया।

विभाग को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली जलाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया। योजना के तहत टीम ने मोहल्ला मिर्जा टोला, नसरुल्लागंज और मोहल्ला चौधरी में एक साथ दबिश दी।

तड़के हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान मौके पर सात लोग केबल में कटिया डालकर सीधे बिजली जलाते पाए गए।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जुर्माना वसूली की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। लोगों से वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली उपयोग करने की अपील की गई है।