सहसवान (बदायूं)। नगर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन आज भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता कथा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कथा व्यास पंडित ब्रह्मरत हरितोष जी (एकलव्य) का आशीर्वाद लिया और कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। उनके पहुंचने पर आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया।

बता दें कि आयोजक उमेश चंद्र माहेश्वरी एवं अनुज माहेश्वरी के आवास से निकली विशाल कलश यात्रा के साथ आठ दिवसीय भागवत कथा का शुभारंभ हुआ था। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया था। भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धालु नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल माहेश्वरी हॉस्टल कंपाउंड, दिल्ली रोड, रामलीला मैदान के सामने पहुंचे थे, जहां विधि-विधान से कथा बैठाई गई।

कथा 13 नवंबर से 20 नवंबर तक चलेगी। कथा का रसपान प्रसिद्ध कथा व्यास पंडित ब्रह्मरत हरितोष जी (एकलव्य) के श्रीमुख से हो रहा है। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक कथा का आयोजन हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं।

इस अवसर पर आयोजक उमेश चंद्र माहेश्वरी एवं अनुज माहेश्वरी (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा) सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, श्रद्धालु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

आयोजकों ने नगर एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार पधारकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

संवाददाता – सौरभ गुप्ता, सहसवान