सहसवान (बदायूं)। थाना सहसवान क्षेत्र के गांव हिंडौर में खेत की मेड़ तोड़ने को लेकर दलित किसान के बेटों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार सगे भाइयों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
गांव हिंडौर निवासी रामनिवास जाटव ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 25 अक्टूबर की सुबह उनके बेटे चौब सिंह और शहजादे खेत में बाजरा काट रहे थे। तभी गांव के ही सप्पी उर्फ सफी मोहम्मद के चार बेटे भूरा उर्फ भूरे, मोहम्मद आलम, नवी मोहम्मद और मोहम्मद मियां ट्रैक्टर लेकर आए और उनके खेत की मेड़ तोड़ दी।
विरोध करने पर चारों ने जातिसूचक गालियां देते हुए फावड़े से हमला कर दिया। बेटे जान बचाकर घर की ओर भागे तो आरोपी फावड़े लेकर पीछा करते हुए घर तक आ गए। बेटों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया तो आरोपियों ने किवाड़ों पर फावड़े मारे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
