
बरेली, 9 जुलाई। जनपद में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 12 जुलाई को उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसी क्रम में बरेली जनपद में एक ही दिन में लगभग 36 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान को “इलेक्शन मोड” में संचालित किया जाएगा। इसके लिए उप जिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट और खंड विकास अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया है।

सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में गड्ढों की खुदाई, रोपण स्थलों की जियो-टैगिंग, नर्सरी से पौधों की आपूर्ति, वितरण तथा पौधारोपण के सत्यापन की जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं जोनल मजिस्ट्रेट अभियान के दौरान आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे। पूरे अभियान की प्रगति प्रत्येक घंटे दर्ज की जाएगी और शाम तक कंट्रोल रूम के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विभागवार पौध उठान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन विभागों ने अभी तक वन विभाग की नर्सरियों से अपने निर्धारित पौधे नहीं उठाए हैं, वे तत्काल यह प्रक्रिया पूरी करें तथा पौधों को सुरक्षित स्थान पर संरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि 12 जुलाई को प्रत्येक विभाग पौधारोपण के साथ एक कार्यक्रम भी आयोजित करे, जिसमें जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने निर्देश दिए कि सभी तहसीलों, विकासखंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक पौधारोपण कराया जाए। अभियान में स्वयं सहायता समूह, गैर सरकारी संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सहित विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि वन विभाग द्वारा बड़े बाईपास पर आयोजित मुख्य वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं शासन की ओर से प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग सौरभ बाबू को बरेली जनपद का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपजिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप निदेशक कृषि, सहायक आयुक्त सहकारिता, नगर निगम के पर्यावरण अभियंता, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा सभी खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।