सहसवान, बदायूँ। थाना सहसवान क्षेत्र में सहसवान-बिसौली रोड पर तेज रफ्तार अल्टो कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 17 अगस्त को ग्राम जखूपुर निवासी आकाश (20), पवन (23), सर्वेश (28) और ग्राम सिरकी दम्मू निवासी छत्रपाल (38) मोटरसाइकिल से पटना देवकली, शाहजहाँपुर शिव मंदिर पर जल चढ़ाकर और मनौना धाम, आँवला (बरेली) के दर्शन कर अपने घर वापस लौट रहे थे।
बताया गया कि सहसवान-बिसौली रोड पर ग्राम भूड़ खितौरा के पास सामने से आ रही एक अल्टो कार के चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर यूपी-112 पीआरवी और थाना सहसवान पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी सहसवान में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बदायूँ मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल पवन की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली ले गए थे। 23 अगस्त को हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे बरेली से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जा रहे थे, तभी थाना क्षेत्र के ही ग्राम सिलहरी के पास रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आज शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपी अल्टो चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
