बरेली, 9 जुलाई। उर्स-ए-आला हजरत और आगामी कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में प्रशासन एवं आयोजकों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उर्स आयोजकों ने इस्लामिया ग्राउंड और जायरिनों के ठहरने वाले विद्यालयों के मैदानों की मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल, हैंडपंप, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। साथ ही कुतुबखाना क्षेत्र में ब्रिज से होने वाले जल रिसाव को ठीक कराने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट खिड़कियां और ट्रेनों की समय-सारिणी प्रदर्शित कराने की मांग भी रखी गई।


आयोजकों ने मथुरापुर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान, झाड़ियों की कटाई, नाला-नालियों की सफाई, जलभराव की समस्या के समाधान, लटक रहे विद्युत तारों को ठीक कराने, विद्युत पोलों पर सुरक्षा के लिए पन्नी लगवाने तथा उर्स के दौरान यातायात व्यवस्था मजबूत करने का भी अनुरोध किया।


जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि दरगाह की ओर से लगाए जाने वाले सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी किए जाएं, पूर्व निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहे, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं पर निगरानी रखी जाए, कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था की जाए तथा अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए।


बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम नगर अविनाश त्रिपाठी, एडीएम न्यायिक देश दीपक, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, एसीएम, एसडीएम सदर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी तथा दरगाह आला हजरत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।