उझानी के बूथ संख्या-346 पर ‘मन की बात’ सुनते जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता व अन्य कार्यकर्ता। बाद में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
बदायूं। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती दें। पर्यावरण संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ को जनआंदोलन बनाना होगा।
रविवार को उझानी नगर के बूथ संख्या-346 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें संस्करण का श्रवण जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ किया। कार्यक्रम के बाद बूथ समिति की बैठक में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति पखवाड़ा के तहत उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और डिजिटल लर्निंग पर चर्चा हुई।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि सेवा, स्वच्छता और जल संरक्षण के अभियान जनभागीदारी से ही सफल होंगे। कार्यकर्ता जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने बताया कि ‘मन की बात’ में केंद्र सरकार की बीमा योजनाओं से करोड़ों परिवारों को मिल रही आर्थिक-सामाजिक सुरक्षा का जिक्र हुआ। डबल इंजन सरकार की योजनाओं की जानकारी हर पात्र परिवार तक पहुंचाई जाए।
राजीव गुप्ता ने कहा कि भारत आधुनिक तकनीक, AI और डेटा साइंस में तेजी से बढ़ रहा है। नालंदा की शास्त्रार्थ परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयास नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ रहे हैं। ‘मन की बात’ में भारतीय संस्कृति के वैश्विक विस्तार, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त भारत और जनभागीदारी से हो रहे बदलाव का भी उल्लेख हुआ।
उन्होंने आगामी गणेश उत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए मिट्टी से बनी स्थानीय कारीगरों की मूर्तियां अपनाने की अपील की। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ कुम्हारों-शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिलेगा और ‘वोकल फॉर लोकल’ मजबूत होगा। वर्षा जल संरक्षण के लिए “कैच द रेन” अभियान को जनआंदोलन बनाने पर भी जोर दिया।
जनपद के विभिन्न बूथों पर भी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ सुनी। सभी बूथों पर डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर बूथ समिति की बैठक में पार्टी अभियानों पर चर्चा हुई।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, जिला मंत्री आरती कश्यप, जिला मंत्री अजय तोमर, क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा रेनू सिंह, मदन मोहन सिंह लोधी, गोविन्द सपरा, गोविन्द मित्तल, राहुल शंखधार, पवन चौधरी, राजीव गोयल सहित बूथ समिति, शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।