बदायूं। बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के गांव शहजाद नगर खेड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जर्जर हालत में चल रहा है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग का इस पर कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही के चलते इस केंद्र पर तैनात डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी महीनों तक सूरत नहीं दिखाते, जिसके कारण मरीजों को अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लटका मिलता है। जिसकी वजह से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से योजनाओं को लग रहा पलीता
ग्राम प्रधान लीलावती शाक्य ने उच्च अधिकारियों को लिखे पत्र में बताया कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और मिलीभगत के कारण राज्य व केंद्र सरकार की ‘निःशुल्क चिकित्सा योजना’ का लाभ स्थानीय जनता को नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में तैनात स्टाफ के बारे में स्थानीय लोगों को कोई जानकारी तक नहीं है, जिससे शहजाद नगर, खेड़ा, सुलैया और जिनोरा क्षेत्र के हजारों लोग सरकारी इलाज से वंचित हैं।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने की यह मांग
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात सभी स्टाफ का नोटिस बोर्ड बाहर लगाया जाए।कर्मचारियों की ड्यूटी का रोस्टर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित हो।डॉक्टर की आवासीय ड्यूटी लगाई जाए ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को बाहर न भागना पड़े।इस पत्र पर ग्राम प्रधान लीलावती, ग्राम पंचायत सदस्य यादराम शाक्य, बादाम सिंह यादव और राधेश्याम यादव सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की गुहार लगाई है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विकास शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत और समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए फिलहाल डॉ अवधेश राठौर और एक स्टॉफ की तैनाती की गई है। सभी को नियमित रूप से अस्पताल में उपस्थित रहकर स्वास्थ्य सेवाएं देने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
“जनप्रतिनिधियों ने उठाई मांग
इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम प्रधान लीलावती शाक्य और ग्राम पंचायत सदस्य यादराम शाक्य ने मांग की है कि नवनियुक्त डॉक्टरों का विवरण नोटिस बोर्ड पर दर्ज किया जाए, ड्यूटी का रोस्टर लगाया जाए और डॉक्टरों की आवासीय ड्यूटी सुनिश्चित की जाए ताकि रात-बिरात मरीजों को आपातकालीन इलाज मिल सके।