
बरेली। बरेली में लगातार सामने आ रही हत्या, संदिग्ध मौत, सड़क किनारे शव मिलने और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को जिले में दो अलग-अलग हत्याओं और एक युवक का शव तालाब में मिलने की घटना से सनसनी फैल गई। वहीं पिछले कुछ दिनों में हुई अन्य घटनाओं ने भी लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के द्वारा टांडा निवासी सियाराम श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह करीब छह बजे रोज की तरह घर से टहलने निकले थे। कुछ देर बाद घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर द्वारा टांडा-बिबियापुर मार्ग पर उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
मृतक के गले, सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था और पास में कांच के कई टुकड़े पड़े मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी बोतल को तोड़कर उसके नुकीले कांच से बुजुर्ग का गला काटकर हत्या की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करने आए पिता की चाकू से हत्या..
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के तैयबपुर गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाला बाबूराम शराब के नशे में अपनी पत्नी पुष्पा के साथ मारपीट कर रहा था। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता रामदीन ने बेटे को समझाने का प्रयास किया।
आरोप है कि गुस्से में बाबूराम ने चाकू उठाकर पिता के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से रामदीन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
तालाब में मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि..
भमोरा थाना क्षेत्र के मनौना गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव तालाब में उतराता मिला। मृतक की पहचान अमन के रूप में हुई, जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार गुरुवार रात शराब की दुकान के पास गांव के एक व्यक्ति से उसका विवाद हुआ था। घर लौटने के बाद वह दोबारा गुस्से में निकल गया और फिर वापस नहीं आया। सुबह ग्रामीणों ने तालाब में उसका शव देखा।
शव के दाहिने गाल पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है। इसके बावजूद परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हाल की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता..
बरेली में पिछले कुछ दिनों में कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं—
23 जुलाई को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कलारी गांव में बिजली के खंभे से उतरे करंट की चपेट में आने से खेल रहे एक मासूम की मौत हो गई।
दो दिन पहले शीशगढ़ थाना क्षेत्र के धनेटा-तेजगढ़ मार्ग पर कन्हैयालाल (50) का शव सड़क किनारे मिला। वह अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे और देर रात तक घर नहीं पहुंचे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाल ही में सामने आए फर्जी महिला डॉक्टर गिरोह से जुड़े मामले में एक हिंदू किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म, वीडियो बनाकर वायरल करने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगे। पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पीड़िता के भाई की तहरीर पर कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही हत्या, संदिग्ध मौत, आत्महत्या और अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं ने जिले के लोगों में भय का माहौल बना दिया है। पुलिस सभी मामलों में जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है, लेकिन अपराधों की बढ़ती घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
फिलहाल पुलिस सभी मामलों में साक्ष्य जुटाने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं पीड़ित परिवारों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।