शहर बदायूँ में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए, राजाराम इंटर कॉलेज से शहवाजपुर चौक तक, वाया पार्वती देवी इंटर कॉलेज, जर्जर पड़ी सड़क का अब शीघ्र ही निर्माण कराया जाएगा। यह कार्य क्षेत्रीय विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता के विशेष प्रयासों से विधायक निधि के अंतर्गत कराया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 17.50 लाख रुपये है। इस मार्ग की कुल लंबाई लगभग 600 मीटर है तथा इसका निर्माण पी0सी0 कार्य के रूप में किया जाएगा, जिससे सड़क की गुणवत्ता और मजबूती सुनिश्चित होगी।
उल्लेखनीय है कि यह मार्ग लंबे समय से अत्यंत खराब स्थिति में था, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस मार्ग पर राजाराम इंटर कॉलेज एवं पार्वती देवी इंटर कॉलेज जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थान स्थित हैं, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। सड़क की जर्जर हालत के कारण उन्हें असुविधा, देरी तथा दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती थी, जिससे विद्यालय पहुंचना दुष्कर हो जाता था।
स्थानीय निवासियों द्वारा इस सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता ने इस कार्य को प्राथमिकता में शामिल कराया और अब इसके निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने विधायक जी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस सड़क के निर्माण से न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि स्थानीय नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, सुगम और स्थायी आवागमन की सुविधा भी प्राप्त होगी।
वर्जन –
“बदायूँ शहर का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है। यह सड़क आमजन के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। । विशेष रूप से विद्यालय जाने वाले बच्चों को सुरक्षित और सुगम रास्ता उपलब्ध होगा। आगे भी क्षेत्र की सभी आवश्यक सड़कों का निर्माण एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से कराया जाएगा, ताकि बदायूँ को एक विकसित और व्यवस्थित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।”