
कार्मिकों की प्रगणक /सुपरवाइजर के रूप में यथाशीघ्र नियुक्ति कर प्रशिक्षण देने के दिये गए निर्देश
बरेली 4 अप्रैल।जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जनगणना से संबंधित नियुक्त/नामित अधिकारियों के साथ जनगणना कार्यों में प्रगति सम्बन्धित समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कार्मिकों की प्रगणक /सुपरवाइजर के रूप में यथाशीघ्र नियुक्ति कर कार्मिकों का प्रशिक्षण करवाया जाये।
बैठक में निर्देश दिये गए कि ट्रेनिंग गुणवत्ता पूर्ण दी जाये, जिससे जनगणना को अच्छे से सम्पादित किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कार्मिकों की फीडिंग जल्द से जल्द पूर्ण करवा ली जाए। तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी कार्मिकों की ट्रेनिंग हेतु सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करवाने के निर्देश दिये गए।
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के गजट के अनुसार 01 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 के मध्य निर्धारित होने वाले 30 दिवस मकानो की गणना की जानी प्रस्तावित है। दिनांक 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक स्व गणना की जानी है तथा दिनांक 22 मई 2026 से दिनांक 20, जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की तिथि निर्धारित है। दिनांक 09 फरवरी 2027 सें जनगणना प्रारम्भ होकर 28 फरवरी 2027 को पूर्ण की जानी है। बैठक में बताया गया कि एच एल बी ( जनगणना मकान ब्लाकों) का निर्धारण कर लिया गया है।
जनगणना में चार्ज अधिकारी हेतु नगर निगम के अपर नगर आयुक्त नगर निगम को नगर जनगणना अधिकारी (नोडल नगर निगम) बरेली नामित किया गया है जिनके निर्देशन में 04 जोन में 04 चार्ज अधिकारी, छावनी परिषद में मुख्य अधिशासी अधिकारी एवं जनपद के समस्त 06 तहसीलदार एवं जनपद की समस्त 04 नगर पालिका एवं 15 नगर पंचायत सहित नगर पालिका परिषद / नगर पंचायत के 19 अधिशासी अधिकारी चार्ज अधिकारी के रूप में एवं अपर चार्ज अधिकारी (खण्ड शिक्षा अधिकारी) नामित किये गये हैं।जनगणना कार्य हेतु जनपद मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट बरेली के कक्ष सं-11 में जनगणना सेल/जनगणना नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है।