
बरेली, 04 अप्रैल:
जनपद बरेली की तहसील आंवला में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 9:45 बजे से 12:00 बजे तक अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और आने वाले नागरिकों की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे संतुष्ट होकर लौटें।

उन्होंने उपजिलाधिकारी आंवला को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत को संबंधित विभाग के अधिकारी को विधिवत मार्क किया जाए, जिससे समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
भूमि कब्जे की शिकायत पर सख्ती
समाधान दिवस में ग्राम देवचरा के एक शिकायतकर्ता ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पहले भी लेखपाल को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याएं
कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। ग्राम रम्पुरा भूड़ के एक किसान ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम पर आ रही सम्मान निधि की किस्त बंद हो गई है और अब वे अपने नाम से किस्त शुरू कराना चाहते हैं। वहीं, अलीनगर निवासी एक अन्य किसान ने बताया कि उन्हें दो किस्तें मिलने के बाद भुगतान बंद हो गया।
इन दोनों मामलों में जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को आवश्यक जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर उपजिलाधिकारी विदुषी सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुकेश चंद्र, क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार और परियोजना निदेशक चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।