उझानी, बदायूं | थाना उझानी क्षेत्र के चंदनपुर गांव के पास गंगा नदी में स्नान करने गए चार दोस्तों में से एक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक लापता है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश दोनों है।

मुजरिया थाना क्षेत्र के बगुला नगला निवासी 20 वर्षीय नन्हे पुत्र दाताराम, 23 वर्षीय विवेक पुत्र लीलाधर, ज्ञान सिंह और शंकर गंगा स्नान के लिए चंदनपुर घाट गए थे। नहाते समय नन्हे और विवेक गहरे पानी में चले गए। ज्ञान सिंह और शंकर ने शोर मचाया लेकिन तब तक नन्हे डूब चुका था। विवेक का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के तीन घंटे बाद तक कोई रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में भारी आक्रोश है। बाद में गोताखोरों की मदद से नन्हे का शव बरामद कर लिया गया। विवेक की तलाश जारी है।

घटना के बाद बगुला नगला में मातम पसरा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज ने तैयारी में है और लापता युवक की तलाश में जुटी है।