सहसवान-बदायूं 2 अक्टूबर को आदर्श जूनियर हाई स्कूल, सहसवान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधक डॉ. सविता मालपाणी ने ध्वजारोहण कर किया। दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के पश्चात
विद्यालय के मंत्री प्रेमस्वरूप जी ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष एवं राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। पिंकी, प्रियंका एवं काजल, रिमझिम अर्पित आदि ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन एवं सिद्धांतों के बारे में अपने विचार व्यक्त किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हेम सिंह ने विद्यार्थियों को 2 अक्टूबर के राष्ट्रीय महत्व की जानकारी देते हुए सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता एवं देशसेवा का संदेश दिया। विद्यालय की विधिक सलाहकार शालिनी गुप्ता ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के प्रमुख विचारों एवं उनके जीवन मूल्यों से परिचित कराया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्र छात्राओं को पोक्सो अधिनियम 2012, गुड टच बेड टच, निःशुल्क विधिक सेवा आदि के बारे में सदस्य न्यायपीठ बाल कल्याण समिति बदायूं के द्वारा बताया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक निमिष माहेश्वरी ने किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।