बदायूं। थाना अलापुर क्षेत्र से लापता हुई चार साल की मासूम बच्ची को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार (25 जून) की रात करीब 9 बजे अलापुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाने में सूचना दी कि उनकी चार वर्षीय नातिन अचानक कहीं लापता हो गई है। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अलापुर थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया और बच्ची की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं।प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रातभर सघन चेकिंग और खोजबीन अभियान चलाया। पुलिस के अथक प्रयासों के बाद शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे बच्ची को सकुशल ढूंढ निकाला गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने बच्ची को प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेजा। परिजनों की मौजूदगी में बच्ची का मेडिकल कराया गया। मासूम के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उसकी जरूरी काउंसिलिंग भी कराई गई है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को इकट्ठा कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
