सहसवान (बदायूं)। कस्बे की मुख्य सब्जी मंडी में बना सार्वजनिक शौचालय बदहाली और गंदगी का पर्याय बन गया है।
यह शौचालय नगर पालिका परिषद सहसवान द्वारा स्वच्छ भारत मिशन योजना 2018-19 के तहत बनवाया गया था, जहां रोजाना भारी संख्या में लोग शौच के लिए आते-जाते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार शौचालय की टंकियां टूटी पड़ी हैं, पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है, गेट टूटे हुए हैं और अंदर गंदगी का ढेर लगा है। सफाई कर्मी द्वारा नियमित सफाई न करने से गंदगी लगातार बनी रहती है। दीवारें पान-मसाले की पीक से रंगी पड़ी हैं।
गंदगी के चलते पूरे मंडी परिसर में दुर्गंध फैल रही है, जिससे सब्जी खरीदने आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सब्जी मंडी में दुर्गंध से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
नगर वासियों ने नगर पालिका परिषद से शौचालय की तत्काल मरम्मत और नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है।