बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति, जलभराव से आवागमन ठप

सहसवान- नगर के मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर में जलभराव और गंदगी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।

मोहल्ले से होकर बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिदिन होता है। साथ ही सावन माह में कावड़ यात्रा पर जाने वाले शिवभक्त कावड़िया भी इसी मार्ग से मंदिर के लिए जाते हैं। लेकिन सड़क पर गंदे पानी के भराव के कारण राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और कावड़ियों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जलभराव के कारण बदबू और मच्छरों की समस्या बढ़ गई है जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। लोगों ने जिलाधिकारी और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके पर पहुंचकर जल निकासी और सफाई की व्यवस्था कराई जाए।

मोहल्लेवासियों ने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे मजबूरन आंदोलन को बाध्य होंगे।