भारतीय चिकित्सा संघ आई० एम० ए०, शाखा बदायूं की कार्यकारिणी के चुनाव से संबंधित एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन शहर के फोर लीफ होटल में हुआ जिसमें आई० एम० ए० बदायूँ के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ० एम० पी० गुप्ता तथा वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ० इत्तेहाद आलम को चुनाव अधिकारी बनाकर आई० एम० ए० बदायूँ के चिकित्सकों की सर्वसम्मति से 2026-27 के कार्यकाल हेतु आई० एम० ए०, शाखा बदायूँ की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से डॉ० संतोख सिंह हॉस्पिटल एंड रामिन्दर नर्सिंग होम के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ० रामिन्दर सिंह को अध्यक्ष तथा जिला चिकित्सालय, बदायूँ में कार्यरत फिजिशियन डॉ० राजेश कुमार वर्मा को सचिब चुना गया।

कार्यक्रम में शामिल सभी चिकित्सको की सहमति से कोषाध्यक्ष के पद पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में कार्यरत नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ० राजेश कुमार शाक्य, उपाध्यक्ष के पद पर देव किरण हॉस्पिटल के डॉ० वागीश वार्ष्णेय, संयुक्त सचिव के पद पर सरला क्लिनिक के डॉ० देवांश यादव तथा सांस्कृतिक सचिव के पद पर नरेंद्र-गायत्री हॉस्पिटल, बिल्सी की डॉ० चारु वार्ष्णेय को मनोनीत किया गया। इस मौके पर जहां नई कार्यकारिणी का सभी चिकित्सकों ने गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया वहीं अपना कार्यकाल पूरा कर रही 2025-26 की आई० एम० ए० बदायूँ कार्यकारिणी में शामिल अध्यक्ष डॉ० अशोक कुमार, उपाध्यक्ष डॉ० अरुण यादव, सचिव डॉ० अजीत पाल, कोषाध्यक्ष डॉ० कुमार वासु, संयुक्त सचिव डॉ० प्रसून वार्ष्णेय तथा सांस्कृतिक सचिव डॉ० राजेश कुमार वर्मा को सफल कार्यकाल हेतु डॉ० सुरेश चंद्र नौगरिया, डॉ० इत्तेहाद आलम, डॉ० ए० के० वर्मा, डॉ० डी० वी० शाक्य, डॉ० शलभ वैश्य आदि ने माला, शाल तथा उपहार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ० अशोक कुमार ने कहा कि नवनियुक्त अध्यक्ष, सचिव सहित नवीन कार्यकारिणी के सभी इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, शाखा बदायूँ को और अधिक ऊर्जा एवं शक्ति प्रदान करेंगे। नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ० रामिन्दर सिंह ने सभी चिकित्सकों के साथ मिलकर समाज के सभी वर्गों के साथ तालमेल बनाकर बहुत ही सूझबूझ के साथ अपना चिकित्सकीय कार्य करने का आह्वाहन किया। नवनियुक्त सचिव डॉ० राजेश कुमार वर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में बदायूँ के सभी पात्र चिकित्सको को भारतीय चिकित्सा संघ से जोड़ेंगे तथा उनकी कोशिश रहेगी कि सभी चिकित्सको का आम जनमानस, प्रशासनिक अधिकारियों, समाज के सभी स्तंभों के साथ सामंजस्य स्थापित हो ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें और चिकित्सकों के मान, सम्मान और अधिकारों का भी ख्याल रखा जा सके। इस मौके पर आई० एम० ए० , शाखा बदायूँ के पदाधिकारियों के अलावा डॉ० एस० एन० गोविल, डॉ० शलभ वैश्य, डॉ० रियाज़ अहमद, डॉ० अनमोल राज गुप्ता, डॉ० अमन आजाद, डॉ० श्रीकृष्ण यादव, डॉ० नितेश पति तिवारी, डॉ० नूरुल हसन, डॉ० आकांक्षा यादव, डॉ० अनिरुद्ध सिंह, डॉ० गजेंद्र सिंह वर्मा, डॉ० एम० एस० खान, डॉ० मुकुल शाक्य, डॉ० कृष्णा जौहरी, डॉ० नितीश रस्तोगी, डॉ० हर्षद यादव, डॉ० पूनम शाक्य आदि चिकित्सक मौजूद रहे।

You missed