बदायूं। विश्व पर्यावरण दिवस के सुअवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र उझानी में शुक्रवार को एक वृहद पौधरोपण कार्यक्रम और पर्यावरण जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिल्सी विधायक हरीश शाक्य और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता,डीएम अवनीश कुमार राय, एसएसपी अंकिता शर्मा, सीडीओ गामिनी सिंगला,डीएफओ निधि चौहान मौजूद रही।
डीएफओ निधि चौहान ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया रैली पुलिस लाइन चौराहे से लेकर जेल तिराहे होते हुए पुलिस लाइन चौराहा पर संपन्न हुई। उन्होंने बताया की जिले का आठ लाख,65 हजार, पौधरोपण के लिए लक्ष्य मिला है और वन विभाग को पचास हजार पौधे लगाने की जिम्मेदारी मिली है।

शेष पौधों का लक्ष्य जिले के अन्य विभागों जैसे ग्राम विकास, पंचायती राज, शिक्षा, और कृषि विभाग में विभाजित किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों, ग्रामीणों ने परिसर में जामुन, आंवला, अमरूद, कटहल, इमली और गोल्ड मोहर जैसी विभिन्न प्रजातियों के फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया। साथ ही रोपे गए पौधों की सुरक्षा और उनके बड़े होने तक देखभाल करने का संकल्प भी लिया।जागरूकता गोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है। बदलती जलवायु और बढ़ते तापमान से बचने का एकमात्र उपाय अधिक से अधिक पेड़ लगाना है। अधिकारियों ने ग्रामीणों और युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, उप प्रभागीय वन अधिकारी जगन्नाथ कश्यप और क्षेत्रीय वन अधिकारी विकास कुमार वरुण का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान वन विभाग की टीम सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।