कुंवरगांव । थाना कुंवरगांव पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से कमजोर महिला को उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। शनिवार को पीआरवी को सूचना मिली कि ग्राम निनमा में करीब 42 वर्षीय एक महिला काफी देर से भटक रही है और वह अपना नाम-पता बताने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही थाना कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाने ले आई।
थाने में महिला हेल्प डेस्क पर महिला कांस्टेबल दामिनी और शिखा की निगरानी में महिला को बैठाकर उससे लगातार पूछताछ की गई। काफी प्रयास के बाद महिला ने अपनी ससुराल ग्राम रजागंज तथा पति का नाम भगवानदास बताया। इसके बाद पुलिस ने सी-प्लान ऐप के माध्यम से संपर्क कर जानकारी जुटाई, जिसमें महिला की पहचान कैला देवी पत्नी भगवानदास निवासी ग्राम रजागंज थाना बिनावर के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर महिला के परिजन रवि पुत्र मंगलू लाल, राजेश पुत्र सक्कूलाल तथा ग्राम प्रधान शंकरलाल थाना कुंवरगांव पहुंचे और महिला की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
महिला के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों ने कुंवर गांव पुलिस के इस मानवीय कार्य की जमकर सराहना करते हुए धन्यवाद जताया और भूरि भूरि प्रशंशा की ।