Oplus_131072

सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सादपुर गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में चल रही बारात के दौरान डीजे/रंगशाला की ट्रॉली ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों की चपेट में आ गई। ट्रॉली में अचानक करंट दौड़ने से अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि रात करीब 12:00 बजे गांव में बारात निकाली जा रही थी। बारात में चल रही रंगशाला की ट्रॉली रास्ते में नीचे लटक रहे हाईटेंशन बिजली के तारों से छू गई। तार छूते ही पूरी ट्रॉली में तेज करंट फैल गया।

इस हादसे में आपिल यादव पुत्र धर्मपाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रॉली ओर पास खड़े श्री ओम सहित 4-5 अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बिजली सप्लाई बंद कराई गई, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद बारात में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगते ही ट्रॉली पर मौजूद युवक गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर गांव वाले दौड़े और लकड़ी-डंडों की मदद से लोगों को हटाया।

प्रथम दृष्टया हादसे की वजह बिजली के तारों का नीचे लटकना और ट्रॉली की ऊंचाई ज्यादा होना बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि बारात-समारोह में डीजे की ऊंची ट्रॉलियों के बिजली तारों से टकराने से हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से कई बार चेतावनी के बावजूद ऐसी घटनाएं रुक नहीं रही है।