सहसवान, बदायूं। विकास क्षेत्र सहसवान के उच्च प्राथमिक विद्यालय समसपुर बल्लू में ‘स्कूल चलो अभियान’ कार्यक्रम का आगाज जागरूकता रैली के साथ किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी मनोज राम ने कार्यक्रम की शुरुआत की।
विद्यालय के बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां और बैनर लेकर गांव की गलियों में रैली निकाली। बच्चों ने “पढ़ेगा इंडिया, तभी बढ़ेगा इंडिया” और “हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार” जैसे नारे लगाकर अभिभावकों को जागरूक किया। रैली का मुख्य उद्देश्य 6 से 14 साल तक के सभी बच्चों का शत प्रतिशत नामांकन कराना और ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ना रहा।
खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें। उन्होंने कहा कि अभियान का मकसद हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना है। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और ग्रामवासी मौजूद रहे।