सहसवान- ग्राम सिरसा खुर्द, ब्लॉक दहगवां, तहसील सहसवान के लिए गर्व का पल है। गांव के होनहार डॉ. मनोज कुमार मौर्य ने शिक्षा के क्षेत्र में दोहरी उपलब्धि हासिल कर पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।
डॉ. मनोज कुमार ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (IIT Roorkee) से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी में पीएचडी की उपाधि सफलतापूर्वक प्राप्त की है।
PhD पूरी होते ही उनका चयन कनाडा के विश्व प्रसिद्ध वाटरलू विश्वविद्यालय (University of Waterloo) में पोस्टडॉक्टरल शोधकर्ता के पद पर हो गया है। यह किसी भी युवा वैज्ञानिक के लिए बड़े सपने जैसा है।
डॉ. मनोज कुमार भारत सरकार की सबसे प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री रिसर्च फेलोशिप (PMRF) के फेलो हैं। वे अपने शोध पत्र अमेरिका और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रस्तुत कर चुके हैं। उनके कई शोध लेख अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. मनोज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता श्री राम चरन मौर्य, माता श्रीमती विमलेश मौर्य (वर्तमान ग्राम प्रधान/प्रशासक सिरसा खुर्द), परिवारजनों, शिक्षकों एवं अपने शोध गुरुओं को दिया है।
उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। क्षेत्रीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।