सहसवान- आदर्श जूनियर हाई स्कूल, निकट राजकीय बीज गोदाम, जहांगीराबाद में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बाल कल्याण समिति की सदस्य डॉ. सविता मालपाणि द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात आचार्य प्रेम स्वरूप जी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया। छात्राओं ने सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अंशुल, अनु शर्मा, अनेश, विक्रांत, मोहित, सौम्या, अनन्या सहित अन्य बच्चों के गीत, नृत्य और भाषणों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

समारोह के विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज कुमार उर्फ दीपक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के बल पर ही देश प्रगति कर सकता है। उन्होंने बच्चों से देश सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अशोक कुमार, हेम सिंह, प्रधानाचार्य, अर्पित, प्रियंका, रिमझिम, काजल आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय के सभी अध्यापकों ने क्रमवार देशभक्ति और शिक्षा पर अपने विचार रखे।

इस दौरान विद्यालय में आयोजित सामान्य विज्ञान परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसी के साथ मेहंदी प्रतियोगिता में अव्वल रहने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को मिष्ठान्न वितरित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन कृष्णा माहेश्वरी ने किया।

इस अवसर पर पिंकी, अनन्या, बबली, निमिष, मीनेश, उपमा, दिव्य, जीशू, पूजा, आरती, अन्नू, हर्ष, ऋचा, सौम्य सहित समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ समारोह का समापन हुआ।