तबादले के बावजूद पुराने क्षेत्र में डटे लेखपाल, राजस्व कार्य प्रभावित
सहसवान- उपजिलाधिकारी सहसवान के आदेश के एक महीने बाद भी तहसील सहसवान के लेखपाल भोजवीर सिंह ने अपना सर्किल नहीं छोड़ा है। आदेश के अनुसार उन्हें नैनौल वागवाला से हटाकर भूड़/खितौरा सर्किल की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन वह अभी भी पुराने क्षेत्र में ही ड्यूटी कर रहे हैं।
आदेश के अनुसार भोजवीर सिंह की वर्तमान तैनाती नैनौल वागवाला थी, जिन्हें नवीन तैनाती खितौरा और अतिरिक्त क्षेत्र सुल्तानपुर टप्पा अहमदनगर दिया गया है। लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्होंने न तो नए सर्किल का चार्ज लिया है और न ही पुराने सर्किल को छोड़ा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लेखपाल के तबादले का अनुपालन न होने से राजस्व संबंधी कार्यों में देरी हो रही है और आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में राजस्व निरीक्षकों को आदेश में निर्देश भी दिए गए थे कि स्थानान्तरित हुए लेखपालों की चार्जलिस्ट दो प्रतियों में कार्यालय में उपलब्ध कराएं, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों ने एसडीएम सहसवान और जिलाधिकारी बदायूं से मांग की है कि आदेश का तत्काल अनुपालन कराया जाए, ताकि राजस्व कार्य सुचारू रूप से चल सकें। आखिर सहसवान तहसील में तैनात लेखपाल
अपनी मनमर्जी कब तक करते रहेंगे यह तो आने वाला समय ही बताएगा।